Kolayat News: कोलायत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 18 किलो डोडा पोस्त के साथ तस्कर गिरफ्तार
कोलायत। क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए कोलायत थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन नीलकंठ और एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद किया है।
पुलिस कार्रवाई में आरोपी के पास से 18 किलो 120 ग्राम अवैध डोडा पोस्त छिलका मिला है। मामले में पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशा सप्लाई से जुड़े लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Kolayat Police ने ऐसे पकड़ा आरोपी
पुलिस के अनुसार बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देश पर जिलेभर में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
शनिवार को कोलायत थानाधिकारी जसवीर कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान चक विजयसिंहपुरा से बाला ग्रेवल सड़क मार्ग पर पुलिस टीम को देखकर एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में भागने लगा।
पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद कट्टे से 18 किलो 120 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
सुरेश कुमार को किया गिरफ्तार
कोलायत पुलिस ने आरोपी की पहचान सुरेश कुमार (31) पुत्र प्रभुराम, निवासी वार्ड नंबर 15 चक विजयसिंहपुरा, थाना कोलायत के रूप में की है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कहां से आया डोडा पोस्त? जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।
मामले की जांच हदां थाना प्रभारी ईमीचंद सोलंकी को सौंपी गई है।
कोलायत पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।










