ऑपरेशन नीलकंठ का बड़ा एक्शन: बीकानेर में 25 किलो डोडा पोस्त और अवैध बंदूक के साथ दो गिरफ्तार
बीकानेर। जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। शनिवार को बीकानेर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
लूणकरणसर में 25 किलो डोडा पोस्त बरामद
लूणकरणसर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान सोडवाली से हापासर जाने वाले मार्ग पर गोचर भूमि के पास कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने सोडवाली निवासी 38 वर्षीय तोलाराम ब्राह्मण को पकड़ा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 25 किलो 140 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक धर्मवीर, हेड कांस्टेबल सुभाष चंद्र, कांस्टेबल राकेश कुमार, विद्याधर और वीरेंद्र कालेर की भूमिका रही।
छतरगढ़ में टोपीदार बंदूक के साथ युवक गिरफ्तार
वहीं छतरगढ़ थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 46 वर्षीय राम सिंह बावरी को टोपीदार बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि आवा गांव चौराहे के पास एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद एएसआई रामचरण मीणा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने आवा गांव से करीब तीन किलोमीटर आगे कुमटा माइनर के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से टोपीदार बंदूक बरामद की गई।
अवैध गतिविधियों पर पुलिस की नजर
बीकानेर पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन नीलकंठ के तहत जिले में नशे के कारोबार और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।







