बीकानेर में आधी रात घर में घुसे हथियारबंद बदमाश! दो भाइयों पर हमला, महिला-बेटी भी घायल
बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में देर रात घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हथियारों से लैस बदमाशों ने घर का दरवाजा तोड़कर दो भाइयों पर हमला कर दिया। इस दौरान परिवार की महिलाओं को भी चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार परिवादी किशनलाल पुत्र ईश्वरराम कुम्हार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 20 जून की रात करीब 11:30 बजे से 12:30 बजे के बीच चार-पांच युवक उनके घर में जबरन घुस आए। आरोपियों के हाथों में चाकू और सरिए जैसे हथियार थे।
चाकू से हमला, भाई अस्पताल में भर्ती
रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपियों ने किशनलाल और उसके भाई तोलाराम के साथ मारपीट की। हमले में किशनलाल के हाथ में गंभीर चोट आई, जिसके बाद टांके लगाने पड़े। वहीं भाई तोलाराम को गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
बीच-बचाव करने पहुंची किशनलाल की बहन अंजू और बेटी जयश्री भी हमले की चपेट में आ गईं और घायल हो गईं।
हमले के बाद बाइक से फरार हुए आरोपी
परिवादी ने रिपोर्ट में त्रिलोकचंद को हमलावरों का मुख्य आरोपी बताते हुए उसके साथ आए तीन-चार अन्य युवकों पर वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।
पुलिस जुटी आरोपियों की तलाश में
गंगाशहर थाना पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक हेतराम को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।







