लूणकरणसर एक्सप्रेस-वे बना मौत का रास्ता! गड्ढे से उछली कार ट्रक में घुसी, चालक गंभीर घायल
लूणकरणसर। अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस-वे पर सड़क की खराब हालत एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। मंगलवार शाम लूणकरणसर इंटरचेंज से नाथवाना साइड एक्सप्रेस-वे पर बीच सड़क बने गड्ढे से गुजरते समय एक कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई।
हादसे में कार चालक मामराज निवासी नैनासर समेरिया गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद टोल प्लाजा की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को लूणकरणसर उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बीकानेर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
गड्ढे से उछली कार, चालक नहीं संभाल पाया नियंत्रण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार एक्सप्रेस-वे पर बने गड्ढे से अचानक उछल गई। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा भिड़ी। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
सड़क की हालत पर उठे सवाल
वाहन चालकों का कहना है कि एक्सप्रेस-वे पर कई जगह सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जगह-जगह किए गए पेचवर्क भी सही लेवल पर नहीं हैं, जिससे तेज गति से चलने वाले वाहन अचानक अनियंत्रित हो जाते हैं।
लूणकरणसर इंटरचेंज के आसपास कई किलोमीटर तक सड़क की स्थिति खराब बताई जा रही है। चालकों के अनुसार निर्धारित गति सीमा के बावजूद वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है।
लेन मार्किंग गायब, रात में बढ़ रहा खतरा
वाहन चालकों ने बताया कि सड़क पर कई जगह लेन मार्किंग भी खत्म हो चुकी है। पेचवर्क के बाद दोबारा मार्किंग नहीं होने से रात के समय हादसे का खतरा और बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों ने एक्सप्रेस-वे प्रबंधन से जल्द सड़क की मरम्मत, गड्ढों को भरने और लेन मार्किंग करवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में बड़े हादसों को रोका जा सके।
बीकानेर की हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहें।










