कलेक्टर का एक्शन मोड: पूगल के गांवों में हैंडपंप्स का निरीक्षण, बंद पड़े तुरंत ठीक करने के निर्देश
Pugal News, 5 अप्रैल: गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में जिला कलेक्टर निशांत जैन ने रविवार को पूगल क्षेत्र के दूरस्थ गांवों का दौरा कर हैंडपंप्स का निरीक्षण किया।
इस दौरान कलेक्टर ने हैंडपंप्स की स्थिति का जायजा लिया और पानी की उपलब्धता व गुणवत्ता को स्वयं जांचा।
विशेष अभियान का किया अवलोकन
जिला कलेक्टर ने हैंडपंप्स के सत्यापन और मरम्मत के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अभियान को पूरी गंभीरता से लागू किया जाए।
गांव-गांव जाकर जांच
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आरडी 682, 14 एडी स्थित राजकीय विद्यालय, भंडेरवाला ढाणी और कुम्हारवाला की ढाणियों का दौरा किया।
उन्होंने मौके पर हैंडपंप चलाकर पानी की उपलब्धता और गुणवत्ता को परखा।
बंद हैंडपंप्स पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान कुम्हारवाला में एक हैंडपंप बंद पाया गया, जिसे कलेक्टर ने गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल इसे ठीक करने के निर्देश दिए।
विभागीय टीम ने उसी दिन हैंडपंप को दुरुस्त कर दिया, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली।
गर्मी में नहीं होनी चाहिए पानी की कमी
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि गर्मी के दौरान किसी भी गांव या ढाणी में पेयजल की समस्या नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिए कि जिले के सभी हैंडपंप्स का सर्वे कर खराब पड़े हैंडपंप्स को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी तकनीकी अधिकारियों को फील्ड में रहकर कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारी रहे मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस स्वाति शर्मा, तहसीलदार अशोक पारीक, विकास अधिकारी गोपाराम, अधिशाषी अभियंता धर्मेंद्र कुमावत और आदित्य श्रीमाली सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन की इस सक्रियता से साफ है कि गर्मी के मौसम में पानी की समस्या को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सरकार और प्रशासन का उद्देश्य है कि हर घर तक पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।









