श्रीडूंगरगढ़ में मानवता शर्मसार, सामुदायिक भवन में मिला नवजात का शव
Bikaner News: बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में एक बार फिर मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 8 माह के नवजात बच्चे का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार यह मामला कुंतासर गांव का है, जहां लिखमादेसर सड़क मार्ग की ओर बने एक सामुदायिक भवन में नवजात का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों को जब इसकी जानकारी मिली तो तुरंत आसपास के लोगों को सूचित किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सरपंच ओंकाराराम मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद एएसआई सुरेंद्र कुमार पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव पुलिस को सौंप दिया गया। एएसआई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सरपंच ओंकाराराम की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपने अनैतिक कार्य को छुपाने के उद्देश्य से नवजात को फेंकने का मामला दर्ज किया गया है।
घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। वहीं सरपंच और ग्रामीण रामकरण द्वारा नवजात का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस जांच जारी: पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।










